गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा। सोशल वर्कर संस्था, गढ़वा के तत्वावधान में शहर के मुख्य चौक रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप रविवार को संस्था का 149वां साप्ताहिक भंडारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयुष कुमार ने अपना विशेष दिन सेवा कार्य के साथ मनाया। भंडारे में सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला, फल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर आयुष कुमार ने कहा कि वे प्रत्येक मंगलवार को मंदिर आते थे और संस्था के सदस्यों को भंडारा करते हुए देखते थे। इन लोगों को इस सेवा कार्य में लगे देखकर उनके मन में भी भंडारे में शामिल होने की इच्छा जागी। इसके बाद उन्होंने संस्था के सदस्यों से संपर्क कर अपनी इच्छा जाहिर की और भंडारे का आयोजन कराया।
उन्होंने कहा कि भंडारा आयोजित करके उन्हें बेहद खुशी मिली। उन्हें यह जानकर अच्छा लगा कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह एवं अन्य शुभ अवसरों पर भी सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित कर खुशियां साझा की जा सकती हैं। उन्होंने आगे भी इस तरह के सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग करने की इच्छा जताई।
आयुष कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने विशेष अवसर पर सैकड़ों जरूरतमंदों का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहता है, तो वह संस्था के साप्ताहिक भंडारे से जुड़कर अपनी खुशियां उनके साथ साझा कर सकता है। इससे जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का अवसर मिलता है।
संस्था के संचालक आकाश केशरी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यह सेवा कार्य उनके आराध्य प्रभु हनुमान जी की कृपा से निरंतर जारी है। जब इस मुहिम की शुरुआत की गई थी, तब मन में कई सवाल थे कि यह कार्य कैसे आगे बढ़ेगा और इसे लगातार कैसे जारी रखा जाएगा। लेकिन आज 149 सप्ताह पूरे होने के बाद भी यह सेवा निरंतर चल रही है।
उन्होंने कहा कि वे अपने आराध्य प्रभु हनुमान जी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिनकी कृपा से किसी न किसी माध्यम से जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का अवसर मिलता रहता है। भंडारे में मजदूर, गरीब, ठेला चालक एवं जरूरतमंद बच्चे भी प्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। संस्था के सदस्य तो केवल माध्यम हैं, जबकि इस सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने में प्रभु की कृपा और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
आकाश केशरी ने पूरी टीम की ओर से आयुष कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लोगों का इस तरह सेवा कार्यों से जुड़ना संस्था के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी सहयोगियों एवं सदस्यों का धन्यवाद किया और जरूरतमंदों की सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में शुभम केशरी, अनमोल कश्यप, यश गुप्ता, अनिल कुशवाहा, संस्था के मीडिया प्रभारी अंशु कश्यपकर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
