दुर्गा पूजा में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को लेकर गढ़वा थाना में बैठक, बस-टेम्पो एजेंटों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

Share this News

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट



गढ़वा में दुर्गा पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने को लेकर गढ़वा थाना परिसर में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) श्री दिल्लू लोहरा के नेतृत्व में तथा थाना प्रभारी श्री सुनील कुमार तिवारी की मौजूदगी में बस एवं टेम्पो एजेंटों के साथ हुई।

भीड़ को देखते हुए व्यवस्था पर जोर

बैठक में एसडीपीओ ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने सभी बस और टेम्पो एजेंटों को स्पष्ट निर्देश दिया कि:

– यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाए।
– वाहनों को निर्धारित स्टैंड पर ही व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जाए।
– सड़क पर कहीं भी गाड़ी खड़ी कर जाम की स्थिति उत्पन्न न की जाए।
– यात्रियों को चढ़ाने-उतराने के दौरान सड़क बाधित न हो।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान वाहन चालकों और एजेंटों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। सभी आपसी समन्वय बनाकर काम करें ताकि श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को कोई परेशानी न हो।

एजेंटों की समस्याएं भी सुनी गई

इस दौरान बस-टेम्पो एजेंटों ने भी अपनी समस्याएं पुलिस पदाधिकारियों के सामने रखीं, जिसे एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया।

अंत में पुलिस प्रशासन ने सभी से अपील की कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *