गांधी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प, बिश्रामपुर ने दिया स्वच्छता का संदेश

Share this News


रेहला से शशि शंकर तिवारी की रिपोर्ट

महात्मा गांधी सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और स्वच्छता की ऐसी सोच हैं, जो आज भी समाज को नई राह दिखाती है। गांधी जयंती के अवसर पर बिश्रामपुर में भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा से याद किया गया और उनके स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लिया गया।

गुरुवार को बिश्रामपुर नगर परिषद की ओर से मुख्य कस्बा स्थित थाना परिसर के समीप महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। नगर परिषद अध्यक्ष गीता देवी एवं कार्यपालक पदाधिकारी जयपाल सिंह ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस दौरान मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी जयपाल सिंह ने कहा कि स्वच्छता महात्मा गांधी के विचारों का महत्वपूर्ण हिस्सा थी। गांधी जयंती के अवसर पर पूरे बिश्रामपुर क्षेत्र में स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों में साफ-सफाई के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़े।

वहीं नगर परिषद अध्यक्ष गीता देवी ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता की शपथ के साथ-साथ सफाई अभियान भी चलाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में आगे भी लगातार स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी स्वच्छ और सुंदर बिश्रामपुर बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। गांधी जी की प्रतिमा पर चढ़े फूल और उठे स्वच्छता के संकल्प ने यह संदेश दिया कि बापू को सच्ची श्रद्धांजलि सिर्फ प्रतिमा पर फूल चढ़ाने से नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने से होगी।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि अनुज पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि मुना यादव, उपाध्यक्ष तारा देवी, 20 सूत्री अध्यक्ष रामचंद्र दीक्षित, सिटी मिशन मैनेजर ओमकार यादव, अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय बैठा, वार्ड पार्षद सोना देवी, सुनील चौधरी, दिनेश शुक्ला, राजू प्रसाद गुप्ता, शलिम शेख, एस.एम. एसले, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गुड्डू उर्फ इनामुल हक, संजय उपाध्याय, सुबोध केसरी, चालक बिट्टू खान सहित सामाजिक कार्यकर्ता एवं कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *