गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
भवनाथपुर, गढ़वा, 30 सितंबर। जिले के भवनाथपुर थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए आमजनों की भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों का निवारण किया गया।
कार्यक्रम में अंचलाधिकारी एवं भवनाथपुर थाना प्रभारी श्री अरुण रवानी के द्वारा संयुक्त रूप से लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर सुलह-समझौते के आधार पर कई मामलों का निष्पादन मौके पर ही किया गया।
वहीं कुछ जटिल और पेचीदा मामलों के लिए दोनों पक्षों को साक्ष्य के साथ सक्षम न्यायालय में जाने हेतु निर्देशित किया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद को थाना स्तर पर ही सुलह कराकर शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
