हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग के लिए तीन चिकित्सक नामित
10 सितंबर को सदर अस्पताल के सभागार में होगी जांच, फिटनेस प्रमाण पत्र किया जाएगा जारी

Share this News

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट


गढ़वा: झारखंड राज्य हज समिति, हज हाउस रांची के निर्देश के आलोक में हज 2027 के लिए झारखंड से चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं आवश्यक चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया 10 सितंबर को शुरू की जाएगी।इसके तहत गढ़वा जिले से चयनित हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निर्धारित प्रपत्र में फिटनेस प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए तीन चिकित्सा पदाधिकारियों को नामित किया गया है। नामित चिकित्सा पदाधिकारियों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी, सदर अस्पताल गढ़वा के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार प्रशांत प्रमोद तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शमशेर सिंह शामिल हैं। इस संबंध में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गढ़वा की ओर से पत्र जारी कर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि हज 2027 के लिए जिले से चयनित यात्रियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत मेडिकल स्क्रीनिंग एवं आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जानी है। इसके बाद चिकित्सकीय रूप से फिट पाए जाने वाले यात्रियों को विहित प्रपत्र में फिटनेस प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा।
पत्र के अनुसार, नामित सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को 10 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे सदर अस्पताल गढ़वा के सभागार में उपस्थित होकर चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं आवश्यक चिकित्सकीय जांच करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मेडिकल जांच हज यात्रा की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है। इसके माध्यम से यात्रियों के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया जाएगा। ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सकीय परेशानी की आशंका को कम किया जा सके। जांच के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप फिट पाए जाने वाले यात्रियों को फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *