गढ़वा झारखंड राज्य हज समिति, हज हाउस रांची के निर्देश पर गढ़वा जिले से हज यात्रा पर जाने वाले 54 हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई। हज यात्रा से पहले यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच कर उन्हें फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया के तहत सदर अस्पताल गढ़वा के सभागार में यह जांच शिविर आयोजित किया गया।
मेडिकल स्क्रीनिंग के दौरान हज यात्रियों के ब्लड की जांच, एक्सरे और ईसीजी समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने यात्रियों के स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी ली, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
हज यात्रियों की मेडिकल जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी, सदर अस्पताल गढ़वा के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार प्रशांत प्रमोद तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शमशेर सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र हज यात्रियों को फिटनेस प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा।
