श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित:आकाश केशरी

Share this News

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट



गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के तत्वावधान में शहर के मुख्य चौक रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप आयोजित साप्ताहिक भंडारा का 141वां सप्ताह मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला एवं फल का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों ने संस्था द्वारा लगातार 141 सप्ताह से किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा शुरू किया गया ‘फूड फॉर हंगर’ अभियान आज वृहद रूप ले चुका है। संस्था प्रत्येक सप्ताह शहर के जरूरतमंद लोगों तक भोजन एवं सेवा पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण कर उनकी सेवा करना समाज के लिए महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। संस्था को जब भी सहयोग की आवश्यकता होगी, श्री राम मित्र मंडली के सदस्य इस पुनीत कार्य में आगे की पंक्ति में खड़े मिलेंगे।

गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के संचालक आकाश केशरी ने कहा कि श्रावण माह के चारों मंगलवार को श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों द्वारा भंडारा आयोजित कर जरूरतमंदों की सेवा की गई। इसके लिए संस्था की पूरी टीम की ओर से मंडली के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही संस्था की ओर से श्री राम मित्र मंडली के सभी सदस्यों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित एवं अभिनंदन किया गया।

उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा में श्री राम मित्र मंडली का सहयोग संस्था के लिए प्रेरणादायी है। सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से ही ऐसे सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ सकते हैं।

मौके पर गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के शुभम केशरी, अनमोल कश्यप, यश गुप्ता, पीयूष गुप्ता, अनिल कुशवाहा,बाला केसरी संस्था के मीडिया प्रभारी अंशु कांस्यकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *