गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
झारखंड के गढ़वा जिले में शादी कराने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का नगर ऊंटारी थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मात्र 8 घंटे के अंदर छापेमारी कर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 66 हजार रुपये नकद, 2 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
MP के युवक को बनाया शिकार, 1.20 लाख ऐंठे
गिरोह के शिकार बने मध्य प्रदेश के सागर जिला के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम तिखी निवासी गोविंद पटेल ने नगर ऊंटारी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने शादी कराने के नाम पर उनसे 1 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह काफी शातिर तरीके से काम करता था। गिरोह के सदस्य फर्जी पहचान बताकर शादी तय करते थे, भरोसा जीतकर मोटी रकम वसूलते थे और फिर लड़की सहित फरार हो जाते थे।
थाना प्रभारी अविनाश राज की टीम का कमाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी श्री अविनाश राज के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. सोनू कुमार राम
2. चन्दा कुमारी
3.उपेन्द्र
4. राजेश सिंह बेदी
5.एक विधि-विरुद्ध किशोरी
केस दर्ज, फरार साथियों की तलाश में छापेमारी तेज
इस मामले में नगर ऊंटारी थाना कांड संख्या- 208/2026 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की जमकर सराहना की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी के नाम पर ठगी करने वाले ऐसे गिरोहों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें।
