विकास कुमार की रिपोर्ट
पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी को लेकर सांसद श्री विष्णु दयाल राम के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। माननीय सांसद जी के द्वारा लोकसभा में नियम-377 के तहत 23 जुलाई 2026 को उठाए गए उक्त मामलों के संदर्भ में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के माननीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने दिनांक 31 अगस्त 2026 को पत्र भेजकर दोनों परियोजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी हैं।
सांसद श्री राम ने मेदिनीनगर NH-39 पर पोखराहा एवं जोड़ के पास अंडरपास/फ्लाईओवर के शीघ्र निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। मंत्रालय द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, पोखराहा के पास किलोमीटर 165+700 पर VUP एवं जोड़ के पास किलोमीटर 169+023 पर LVUP के निर्माण के लिए रेलवे ट्रांसमिशन लाइन को ऊंचा करने की आवश्यकता है। इसके लिए आवश्यक ट्रांसमिशन लाइन शिफ्टिंग हेतु ₹3.43 करोड़ की राशि रेलवे प्राधिकरण को प्राप्त हो चुकी है।
वर्तमान में दोनों अंडरपासों के निर्माण का प्रस्ताव NHAI मुख्यालय स्तर पर सक्षम प्राधिकारी के विचार एवं इन-प्रिंसिपल (सैद्धांतिक) मंजूरी के लिए प्रक्रियाधीन है।
सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। पोखराहा एवं जोड़ के पास अंडरपास निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और सांसद के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप बहुत जल्द इसकी स्वीकृति मिलने तथा कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इन अंडरपासों के निर्माण से स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, किसानों, वाहन चालकों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।
पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, रेल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी योजनाओं को केंद्र सरकार के स्तर पर लगातार उठाया जा रहा है और जनहित की प्रत्येक महत्वपूर्ण मांग को पूरा कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
