टंडवा में दानरो नदी पर पीपा पुल की जगह स्थायी बड़े पुल के निर्माण की मांग

Share this News



गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ ने पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को सौंपा मांग पत्र, जल्द पहल का मिला आश्वासन

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट



गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री मिथिलेश कुमार ठाकुर जी से मुलाकात कर मिनी बाईपास रोड़ स्थित स्टूडेंट क्लब से माली मोहल्ला टंडवा तक जाने वाले मार्ग पर दानरो नदी में अस्थायी पीपा पुल की जगह स्थायी बड़े पुल के निर्माण करने की मांग को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री को अवगत कराया कि उनके विधायक एवं मंत्री कार्यकाल के दौरान उनके प्रयास से इस मार्ग पर पीपा पुल  निर्माण की योजना स्वीकृत कराने की पहल की गई थी तथा इसके लिए डीपीआर भी तैयार कराया गया था। और वह पास भी हो गया था, तब तक उस समय चुनाव की प्रक्रिया हो गई। दुर्भाग्यवश यह योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। महासंघ ने इस पुरानी एवं महत्वपूर्ण जनहित की योजना को पुनः प्राथमिकता देते हुए स्थायी पुल निर्माण की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

महासंघ के अनुसार, टंडवा के वार्ड संख्या 18, 19 एवं 20 के हजारों नागरिकों, व्यवसायियों, महिलाओं तथा स्कूली बच्चों के आवागमन के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेषकर बरसात के दिनों में दानरो नदी में पानी बढ़ने से अस्थायी रास्ता एवं पीपा पुल प्रभावित हो जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों को लगभग दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर दूसरे रास्ते से आना-जाना पड़ता है। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।

प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि बार-बार अस्थायी पीपा पुल की व्यवस्था करने के बजाय यहां स्थायी पुल का निर्माण कराया जाना अधिक उपयोगी होगा। इससे बरसात के दिनों में भी आवागमन सुचारू रखने में मदद मिलेगी तथा स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिलेगा। बड़ा स्थायी पुल बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

महासंघ ने पूर्व मंत्री से आग्रह किया कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना के निर्माण के लिए संबंधित विभागों—नगर परिषद, सिंचाई विभाग अथवा पथ निर्माण विभाग—में से उपयुक्त विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराई जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

मांग पत्र पर पूर्व मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

मांग पत्र प्राप्त करने के बाद पूर्व मंत्री श्री मिथिलेश कुमार ठाकुर जी ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि टंडवा में पीपा पुल की जगह स्थायी पुल के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में झारखंड सरकार को विभागीय पत्र लिखने तथा आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ के अध्यक्ष संतोष केसरी, उपाध्यक्ष भुवनेश्वर सोनी, महामंत्री अरविंद गुप्ता (मंटू), टंडवा निवासी अंजनी सोनी, निक्की केसरी उपस्थित थे।

महासंघ ने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति या संस्था के हित से जुड़ी नहीं, बल्कि टंडवा सहित गढ़वा के आम नागरिकों, व्यवसायियों और विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय है। महासंघ को उम्मीद है कि संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल होने से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *