जिस रात लूट की थी तैयारी,उसी रात पुलिस ने पकड़ लिया मौत का सामान

Share this News


आकाश लोहार
गढ़वा


रात का सन्नाटा,स्टेशन की ओर आते जाते लोग और उसी भीड़ के बीच छिपी थी एक खौफनाक मंशा,अगर पुलिस की घेराबंदी कुछ देर और देर होती,तो शायद स्टेशन रोड पर किसी परिवार की खुशियां लूट का शिकार हो सकती थीं,लेकिन गढ़वा पुलिस की सतर्कता ने अपराधियों की कथित योजना को वारदात बनने से पहले ही रोक दिया।

गढ़वा थाना पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है,पुलिस के अनुसार,दोनों रेलवे स्टेशन आने जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे,तलाशी के दौरान एक आरोपी की कमर से लोडेड देसी कट्टा और दूसरे के पास से एक कारतूस बरामद किया गया,बरामद हथियार में एक कारतूस पहले से लोड था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुबे मरहटिया निवासी 23 वर्षीय सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा,पिता विजय मिश्रा,तथा रंका मोड़,रांकी मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय संदीप कुमार सिंह,पिता राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है।

दरअसल,गढ़वा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चिंटू मिश्रा अपने एक साथी के साथ स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं,सूचना मिलते ही पुलिस ने सत्यापन किया और बिना समय गंवाए विशेष छापामारी दल का गठन कर कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस टीम शुक्रवार की रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर आम बगान के पास पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी,पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्धों ने भागने की कोशिश की,लेकिन पुलिस की मजबूत घेराबंदी के आगे उनकी एक नहीं चली और दोनों को मौके से पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान एएसआई अभिमन्यु सिंह,एसआई रंजन कुमार साह और थाना के चौकीदार की मौजूदगी में सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा की कमर से लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया,वहीं संदीप कुमार सिंह की जेब से एक कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन आने जाने वाले लोगों से पैसा लूटने की नीयत से वहां जुटे थे,हालांकि,पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों का किसी पुराने आपराधिक मामले या अन्य अपराधियों से कोई संबंध है या नहीं।

इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक के बयान पर गढ़वा थाना कांड संख्या 524/2026 दर्ज किया गया है,दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25(1-बी)ए,26 एवं 35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है,कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

फिलहाल सबसे बड़ी बात यही है कि जिस वारदात की तैयारी हथियार के साथ की जा रही थी,वह पुलिस की मुस्तैदी के कारण अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रुक गई,स्टेशन रोड पर पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ दो कथित अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली है,बल्कि उन लोगों के लिए भी एक संदेश है,जो अंधेरे और सुनसान जगहों को अपराध का आसान रास्ता समझते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *