उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं

Share this News




प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट



उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में मेराल प्रखंड के ग्राम सिकनी निवासी जयरीता देवी ने उपायुक्त को आवेदन समर्पित करते हुए राशन कार्ड से नाम काट दिए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के माह अगस्त तक उन्हें राशन मिलते आ रहा था, परंतु माह सितंबर से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। संबंधित डीलर से पूछने पर पता चला कि उनका नाम राशन कार्ड से काट दिया गया है। उन्होंने बताया कि वह एक गरीब एवं बेसहारा विधवा महिला है। जन वितरण प्रणाली दुकान से प्राप्त राशन मात्र ही उनका सहारा है। अतः उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि उनका नाम पुनः राशन कार्ड में जोड़ दिया जाए ताकि वह अपना जीवन यापन कर सकें।

रंका प्रखंड के ग्राम पंचायत कटरा के ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन समर्पित करते हुए ग्राम पंचायत अंतर्गत विद्यालयों की जर्जर स्थिति, विद्यालयों तक पहुंच पथ नहीं होने व शिक्षकों की भारी कमी होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटरा में 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित की जाती है, जिसके लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। विद्यालय में मात्र दो ही शिक्षक है जो गैर शैक्षणिक कार्यों में भी संलग्न रहते हैं। विद्यार्थियों के पठन-पाठन कार्य सुचारू रूप से नहीं चल पाता। साथ ही विद्यालय में पेयजल, विद्युत, शौचालय आदि जैसे बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में उक्त विद्यालय अंतर्गत कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं संचालित होती थी परंतु वर्तमान में कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं उक्त विद्यालय से लगभग चार-पांच किलोमीटर दूर उत्क्रमित मध्य विद्यालय लरकोरिया में संचालित की जाती है, जहां तक जाने के लिए पहुंच पथ का निर्माण नहीं कराया गया है। सड़क के जर्जर स्थिति होने के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतः समस्त ग्रामीणों ने उपरोक्त विद्यालयों की स्थिति में आवश्यक सुधार करने का अनुरोध किया।

खरौंधी प्रखंड के कुपा निवासी बसंती देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत वितीय वर्ष 2024-25 की सूची में उनका नाम है, जिसका आवास आईडी कमांक 137206750 है। ग्राम सभा के माध्यम से सत्यापन भी हो चुका है परन्तु प्रखण्ड स्तर से प्रथम किस्त की राशी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वे दोनों पति-पत्नी विकलांग हैं एवं परिवार में सदस्यों की संख्या पाँच है। लगभग 20 वर्ष पुर्व उनके सुसर के नाम एक इंदिरा आवास मिला था, जिसमें दो जगह बराबर बंटवारे के बाद दो कमरा में पाँच सदस्य बड़ी मुश्किल से निवास करते हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले इस सन्दर्भ में आवेदन दिया था, जिसमें तत्कालिन उपायुक्त के द्वारा अतिशिघ्र पैसा भुगतान करने का आदेश दिया गया था। बावजुद प्रखण्ड स्तर से टालमटोल किया जा रहा है। जबकि उनके साथ के सभी लाभुक का राशी भुगतान कर दिया गया है। अतः उन्होंने अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री आवास का प्रथम किस्त का भुगतान अतिशिघ्र करने की कृपा किया जाय।

खरौंधी प्रखंड के अरंगी निवासी उमेश साह ने जिला आयुष समिति में DPM (आयुष) के एकल पद हेतु जारी विज्ञापन संख्या- 02/2026 के अंतर्गत मेधा सूचि में नाम नही आने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जिला आयुष समिति द्वारा जारी विज्ञापन के विरुद्ध आवेदन सूची में क्रम संख्या 06 पर उनका नाम अंकित था, परंतु उसमें उनके DPM के अनुभव के अंक शामिल नहीं किए गए थे। इस संबंध में उन्होंने दावा-आपत्ति हेतु आवेदन के साथ अनुभव प्रमाण-पत्र भी जमा किया था, फिर भी अनुभव के अंकों की गणना नहीं की गई। दिनांक- 22.10.2026 को साक्षात्कार के उपरांत जारी मेधा सूची में भी DPM के अनुभव के अंकों की गणना नहीं की गई। जबकि सूची में प्रथम रैंक प्राप्त अभ्यर्थी के MBA से पहले तथा MBA के साथ के अनुभव को भी जोड़ा गया है। वहीं, उनका केवल MBA के बाद का अनुभव ही जोड़ा गया। अतः उन्होंने उनके DPM के अनुभव के अंकों की उचित गणना करने एवं मेधा सूची में आवश्यक सुधार करते हुए उसे अपडेट करने का अनुरोध किया।

इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें। उक्त जनसुनवाई कार्यक्रम में लगभग 35 आवेदन प्राप्त हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *