थानाप्रभारी गुलशन बिरुआ के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों ने किया मार्च,शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश
रेहला से शशि शंकर तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गापूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का माहौल कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार को रेहला बाजार क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने किया। इसमें पुलिस पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गापूजा मनाने का संदेश दिया। त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। पुलिस प्रशासन पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया गया कि पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस ने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने का संदेश दिया। एसड़ीपीओ चिरंजीव मंडल ने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निक़ालने के लिए संबंधित थानाप्रभारियों को निर्देश दिया गया है। वहीं शांति पूर्ण पूजा सम्पन्न कराने के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दिया गया है।
