आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को सदर एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा टीम के साथ रेहला के दो होटलो और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों में कई अनियमितताएं पाई गईं। कार्रवाई के दौरान तीन घरेलू एचपी गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित रखने के लिए विश्रामपुर स्थित अमन गैस एजेंसी को सौंप दिया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश देते हुए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का अभियान जारी रहेगा।
