कुएं में मिला 22 वर्षीय युवती का शव, आत्महत्या की आशंका

Share this News



रेहला के गोदरमा गांव में घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का होगा खुलासा

रेहला से शशि शंकर तिवारी की रिपोर्ट

कभी कभी किसी घर की खामोशी अपने भीतर ऐसी कहानी छिपाए रहती है,जिसका अंत पूरे परिवार को झकझोर कर रख देता है,रेहला थाना क्षेत्र के गोदरमा गांव में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई,जहां एक कुएं से करीब 22 वर्षीय युवती का शव बरामद होने के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है।

मृतका की पहचान गोदरमा गांव निवासी कृष्णा प्रजापति की 22 वर्षीय पुत्री अंशिका कुमारी के रूप में हुई है,घटना की सूचना मिलने के बाद रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,युवती द्वारा पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है,परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह पहले भी इस तरह की घटना कर चुकी थी,इसके कारण परिजन काफी परेशान रहते थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है,पुलिस के अनुसार,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है,यह घटना हादसा है या युवती ने आत्महत्या की,इसका स्पष्ट खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल एक परिवार की बेटी खामोश है और कई सवाल पीछे छोड़ गई है,उन सवालों का जवाब अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तलाशा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *