Share this News

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पहल से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल, रक्षाबंधन पर सरकार की सौगात

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट




गढ़वा में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गढ़वा जिले की महिलाओं के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत जिले के 2,22,590 योग्य एवं स्वीकृत लाभुकों के बैंक खातों में अगस्त माह की सम्मान राशि रक्षाबंधन के पूर्व सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की महत्वाकांक्षी पहल के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के माध्यम से रक्षाबंधन के अवसर पर जिले की लाखों बहनों के खातों में समय पर सम्मान राशि पहुंचाई गई है। यह राशि महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ उनके सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशन में सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा योजना के सभी स्वीकृत लाभुकों के खातों में अगस्त माह की राशि के अंतरण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व के पूर्व योग्य लाभुकों को योजना की राशि समय पर प्राप्त हो सके।

रक्षाबंधन के अवसर पर सम्मान राशि प्राप्त होने से जिले की बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक राहत एवं संबल मिला है। यह राशि पर्व के दौरान उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक होने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा बताया गया कि सभी स्वीकृत लाभुकों के बैंक खातों में योजना की निर्धारित राशि अंतरित कर दी गई है। लाभुक अपने बैंक खाते, बैंकिंग एप, एटीएम अथवा संबंधित बैंकिंग माध्यम से राशि के अंतरण की जांच कर सकती हैं।

*तकनीकी समस्या होने पर संबंधित कार्यालय से करें संपर्क*

जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि यदि किसी लाभुक को राशि के अंतरण से संबंधित किसी प्रकार की तकनीकी अथवा बैंकिंग समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे अपने *संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा बैंक शाखा* से संपर्क करें। योजना से जुड़ी जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए *सामाजिक सुरक्षा कोषांग* से भी संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने आमजनों एवं लाभुकों से यह भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा योजना से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से रक्षाबंधन के अवसर पर जिले की 2,22,590 बहनों तक सम्मान राशि पहुंचाना महिला सशक्तीकरण, आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *