Share this News

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट

गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के तत्वावधान में शहर के मुख्य चौक रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप आयोजित साप्ताहिक भंडारा का 140वां सप्ताह मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मांडू विधायक श्री निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो एवं श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला एवं फल का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

मांडू विधायक श्री निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने संस्था द्वारा लगातार 140 सप्ताह से किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि “ गढ़वा सोसल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के युवाओं द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य को देखकर मन प्रफुल्लित हुआ। संस्था लगातार 140 सप्ताह से जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य कर रही है, यह अपने आप में सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट सहित अन्य माध्यमों से इस सेवा कार्य की चर्चा करूंगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे प्रेरित हों और अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचा सकें।”

उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन इस तरह का आयोजन कर जरूरतमंदों की सेवा करना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज उन्हें भी इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का अवसर मिला, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।

श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों ने कहा कि गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के माध्यम से समाजसेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। संस्था के शुभम केसरी ने कहा कि “हमारे फाउंडेशन का मात्र एक उद्देश्य है जितना संभव हो सके, उतना जरूरतमंदों की सेवा करना। समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए संस्था सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।”

उन्होंने कार्यक्रम में शामिल विधायक श्री निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, सभी अतिथियों एवं श्री राम मित्र मंडली के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही अपने जन्मदिन के अवसर पर भंडारा कार्यक्रम में शामिल हुए मुरली आनंद जी को पूरी टीम की ओर से जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

मौके पर गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के संचालक आकाश केशरी, अनमोल कश्यप, यश गुप्ता, पीयूष गुप्ता, अनिल कुशवाहा, संस्था के मीडिया प्रभारी अंशु कांस्यकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *