गढ़वा: जीएन कान्वेंट में नवरात्रि उत्सव, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी और गरबा नृत्य बना आकर्षण

Share this News

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट

त्योहार हमारे सभ्यता और संस्कृति के वाहक हैं। मां दुर्गा का आशीर्वाद बना रहे,हर घर में खुशियों का वास रहे। जीएन कान्वेंट(10+2) स्कूल के प्रांगण में नवरात्रि की धूम, बच्चों की मनमोहक  झांकियां और गरबा, डांडिया नृत्य ने मोहा सबका मन। स्थानीय  जीएन कान्वेंट स्कूल के प्रांगण में नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति, उत्साह और उल्लास से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  विद्यालय के बच्चों में माता दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित मनोरम झांकियां प्रस्तुत की। साथ ही रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय का वातावरण भक्तिमय हो गया।  कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की सुंदर झांकियां प्रस्तुत की। झांकियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नारी शक्ति, सत्य,साहस, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गरबा नृत्य के दौरान पारंपरिक संगीत और ताल पर विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी ऊर्जा, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की सभी ने प्रशंसा की। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने अपने संबोधन में सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे त्योहार,हमारे सभ्यता और संस्कृति के सूचक हैं , वहीं उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है बल्कि यह शक्ति, भक्ति, संस्कार और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है। मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने तथा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, सभ्यता और नैतिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए। सभी से अपील करते हुए निदेशक ने कहा कि नवरात्रि का पर्व आपसी प्रेम,सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। समाज में महिलाओं का सम्मान करें तथा बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें। अंत में सभी को पुनः शुभकामनाएं संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। मां दुर्गा की कृपा से प्रत्येक विद्यार्थी सफलता की नहीं ऊंचाइयों को प्राप्त करें और विद्यालय निरंतर शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र पर प्रगति करता रहे।  कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्राचार्य, वरिष्ठ शिक्षिका नीरा शर्मा, नीलम कुमारी,सरिता दुबे,सुनीता कुमारी,वीरेंद्र शाह, कृष्ण कुमार, खुर्शीद आलम,चंदा कुमारी,मुकेश भारती,वर्षा कुमारी,पूजा प्रकाश, हीरामन मेहता, दिनेश कुमार,संतोष प्रसाद,आदि की भूमिका सराहणीय रही
मंच का संचालन नीरा शर्मा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन बसंत ठाकुर द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *