गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन, गढ़वा के तत्वावधान में मंगलवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य नंदकुमार गुप्ता की माताजी की पुण्यतिथि के अवसर पर स्थानीय ‘विजय जनरल स्टोर’ के समीप गरीब दिहाड़ी मजदूरों के बीच साड़ियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जायंट्स ग्रुप के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन का उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “ग्रुप के सदस्य हर विशेष अवसर पर किसी न किसी रूप में जनसेवा का कार्य करते रहे हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।”
वहीं, अपनी माताजी की पुण्यतिथि पर सेवा कार्य करने वाले वरिष्ठ सदस्य नंदकुमार गुप्ता ने भावुक होकर कहा कि माताजी की स्मृति में जरूरतमंदों और गरीबों की सेवा कर उन्हें अपार आत्मिक शांति और सुख की अनुभूति हो रही है। इस तरह के मानव सेवा के कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर संस्था के प्रशासनिक निदेशक अशोक विश्वकर्मा, यूनिट डायरेक्टर मनोज केसरी, वरिष्ठ सदस्य विनोद कमलापुरी, दीपक तिवारी, विजय केसरी, और राकेश केसरी सहित कई अन्य सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
