सांसद वी०डी० राम ने परिवहन मंत्रालय के सचिव से की मुलाकात, पलामू-गढ़वा में सड़क एवं हाईवे परियोजनाओं को गति देने की मांग

Share this News



गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट



पलामू सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री वी. उमाशंकर से मुलाकात कर पलामू एवं गढ़वा जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाने, सड़क संपर्क एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर करने तथा केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए लंबित राशि जारी करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान सांसद ने पलामू एवं गढ़वा की दीर्घकालिक सड़क कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव एवं मांगें मंत्रालय के समक्ष रखीं।

NH-343 के गढ़वा–रामानुजगंज खंड को NHAI को हस्तांतरित करने की मांग! सांसद ने लगभग 49 किलोमीटर लंबे गढ़वा–रामानुजगंज खंड, जो वर्तमान में झारखंड पथ निर्माण विभाग के अधीन है, को NHAI के PIU डालटनगंज के अधीन हस्तांतरित करने का अनुरोध किया। इससे भविष्य में इस महत्वपूर्ण मार्ग को फोरलेन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा सकेगा तथा झारखंड से छत्तीसगढ़ की ओर आवागमन को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

NH-139 के सीलीदाग–पड़वा मोड़ मिसिंग लिंक को NHAI के अधीन लाने का प्रस्ताव! लगभग 22 किलोमीटर लंबे सीलीदाग–पड़वा मोड़ खंड को NHAI के अधीन लाकर फोरलेन विकसित करने का प्रस्ताव भी सांसद ने रखा। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की निरंतरता तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

गढ़वा–मझिआंव–कांडी–पंडुका ब्रिज ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर की DPR का प्रस्ताव

सांसद ने गढ़वा से मझिआंव एवं कांडी होते हुए झारखंड-बिहार सीमा स्थित पंडुका ब्रिज तक ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर की संभावनाओं का अध्ययन कर इसकी DPR तैयार करने का प्रस्ताव रखा। इससे सोन नदी के पार बिहार तथा आगे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से तेज और बेहतर संपर्क विकसित करने में सहायता मिल सकती है।

छतरपुर बाईपास–देवरी–जपला–सोन नदी ग्रीनफील्ड कॉरिडोर की DPR तैयार करने का प्रस्ताव

इसी क्रम में NH-139 के छतरपुर बाईपास से देवरी एवं जपला होते हुए सोन नदी तक ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही देवरी कला के समीप सोन नदी पर नए पुल के निर्माण तथा आगे NH-2C से कनेक्टिविटी के लिए DPR तैयार करने का अनुरोध किया गया।

CRIF की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए लंबित राशि जारी करने की मांग

सांसद ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत पलामू जिले में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की वित्तीय आवश्यकताओं की भी समीक्षा की और लंबित राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया।

मोहम्मदगंज–हैदरनगर (मोहम्मदगंज–दंगवार) सड़क का पुनर्निर्माण

लगभग 17.37 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृत राशि लगभग ₹117.92 करोड़ है। सांसद ने परियोजना को गति देने के लिए शेष आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

कुट्टी मोड़ (चैनपुर)–हुटार सड़क का चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण

रामगढ़ प्रखंड मुख्यालय होते हुए लगभग 24.10 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृत राशि लगभग ₹119.64 करोड़ है। सांसद ने कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

सिंगरा के निकट डालटनगंज–राजहरा रेलखंड पर ROB का निर्माण

रेलवे क्रॉसिंग EP No. 291/27 एवं 291/28 के बीच प्रस्तावित ROB की स्वीकृत राशि लगभग ₹101 करोड़ है। सांसद ने परियोजना की वित्तीय आवश्यकताओं को देखते हुए शेष राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।

सांसद ने रखीं प्रमुख मांगें:-
1. लंबित CRIF राशि एवं परियोजनाओं की वित्तीय आवश्यकताओं की समीक्षा करने,
2. वर्तमान वित्तीय वर्ष में नियमानुसार आवश्यक शेष राशि का आवंटन एवं जारीकरण करने,
3. भूमि अधिग्रहण एवं सिविल कार्यों से संबंधित लंबित भुगतानों में तेजी लाने,
4. संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा प्रस्तावित ग्रीनफील्ड कॉरिडोर एवं सड़क परियोजनाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर व्यवहार्यता अध्ययन एवं DPR तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का अनुरोध किया।

सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पलामू एवं गढ़वा के साथ बिहार और छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी, सोन नदी के पार आवागमन एवं संपर्क बेहतर होगा तथा व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।

वहीं, CRIF के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं के शीघ्र पूर्ण होने से पलामू जिले में सड़क संपर्क, आवागमन एवं यातायात सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी तथा आम जनता को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सांसद श्री राम ने कहा कि उन्होंने बैठक में सभी विषयों को विस्तारपूर्वक रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। सचिव श्री वी. उमाशंकर ने सभी मामलों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।

सांसद ने कहा कि पलामू एवं गढ़वा में बेहतर सड़क, मजबूत राजमार्ग नेटवर्क और सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी निरंतर प्राथमिकता है। इसके लिए केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों के साथ लगातार समन्वय कर क्षेत्र की सड़क एवं परिवहन संबंधी आवश्यकताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *