प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित*
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
उक्त जनसुनवाई में सर्वप्रथम मेराल प्रखंड के संगवरिया निवासी ग्रामीणों ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने मोहल्ले में बिजली के तार पोल नहीं होने तथा विद्युत आपूर्ति की सुविधा नहीं होने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि संगवरिया ग्राम के विभिन्न टोले मोहल्ले में बिजली के तार फूल नहीं लगाए जाने के कारण विद्युत आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे ग्रामीणों को घोर कठिनाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस आशय की सूचना लिखित रूप से विद्युत विभाग में दी गई है परंतु अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है। जनसुनवाई कार्यक्रम में आए ग्रामीणों ने उपायुक्त से उपरोक्त गांव में बिजली के तार पोल उपलब्ध कराते हुए बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
सदर प्रखंड के सुखबाना ग्राम के भुईयां टोला निवासी मानमती कुंवर ने उपायुक्त को आवेदन समर्पित करते हुए नया विद्युत कनेक्शन दिलाने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि वे अत्यंत गरीब विधवा महिला हैं। उनके परिवार में कोई अन्य सदस्य नहीं है तथा नए बिजली कनेक्शन लेने में आर्थिक रूप से असमर्थ हैं।
विजया लक्ष्मी देवी, पूर्व अध्यक्ष श्री बंशीधर नगर पंचायत ने पत्र के माध्यम से अपने बकाया मानदेय के भुगतान के संबंध में आवेदन समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 4 माह से वे अस्वस्थ है तथा कहीं भी आने जाने की स्थिति में नहीं हैं। फलस्वरूप उन्होंने अपने पति के माध्यम से पत्र भेजकर अपने लंबित मानदेय के भुगतान करने का अनुरोध किया है ताकि वह अपनी बेहतर इलाज करा सकें।
कांडी प्रखंड के लमारी कला निवासी राम भजन रजवार एवं सीताराम डोम ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण चौकीदार योगेंद्र पासवान द्वारा बलपुर्वक उनके भूमि पर कब्ज़ा किया गया है। राम भजन रजवार ने बताया कि जनसुनवाई में पूर्व में दिए आवेदन पर उनकी भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराया गया था। परन्तु पुन: उक्त व्यक्ति द्वारा भूमि पर कब्ज़ा करके डराने धमकाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे वे भयभीत हैं तथा जान माल कि सुरक्षा व भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराने हेतु अनुरोध किया है।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें।
