गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा। जिले में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक चेतना को भी मजबूत करने में गढ़वा पुलिस अग्रणी भूमिका निभा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष शेखर के कुशल नेतृत्व में गढ़वा पुलिस न सिर्फ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी लगातार जुड़ रही है। उनके निर्देश पर जिले में जन-जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग और छात्र-संवाद जैसे अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं, जिससे पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का नया सेतु बना है।
इसी क्रम में आज भंडरिया थाना द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भंडरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी पु.नि. सुभाष कुमार पासवान ने किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं को बाल-विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधान और इससे होने वाले शारीरिक व मानसिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्राओं को बताया गया कि बाल-विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति और दंडनीय अपराध है।
थाना प्रभारी ने छात्राओं को शिक्षा को हथियार बनाकर आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से कानून का सम्मान करने और एक जागरूक नागरिक के रूप में समाज में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
इस दौरान छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और बाल-विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
मौके पर विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाएं एवं भंडरिया थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान उपस्थित थे।
